प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भोपाल में पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना करेंगे

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये पांच ट्रेनें भोपाल (रानी कमलापति)-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस हैं।

भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के दो प्रमुख शहरों के बीच आसान और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएगी और क्षेत्र में सांस्कृतिक, पर्यटन और धार्मिक स्थानों की कनेक्टिविटी में सुधार करेगी।

भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल क्षेत्र को मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र से जोड़ेगी। साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा।

रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत होगी। पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली यह ट्रेन पर्यटकों, छात्रों और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी।

धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस धारवाड़ और हुबली को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों और उद्योगपतियों को लाभ होगा।

मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी और गोवा और महाराष्ट्र दोनों में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगी।

एक ट्वीट में, मोदी ने कहा कि ये ट्रेनें मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार और झारखंड में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। भोपाल में प्रधानमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे।