नन्ही गरिमा की पढ़ाई रहेगी जारी, कलेक्टर के निर्देश पर हुई व्यवस्था : कलेक्टर श्री भीम सिंह ने जन चौपाल में लोगों से मिल जानी उनकी समस्याएं मौके पर संबंधित अधिकारियों को बुलाकर शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश

रायगढ़, 23 अक्टूबर 2020/  नन्ही गरिमा आगे पढऩे की ख्वाहिश लेकर अपने माँ के साथ कलेक्टर श्री भीम सिंह से जन चौपाल में मिलने पहुंची। बच्ची की माता ने बताया कि पति के देहांत के बाद से निजी विद्यालय में पढ़ रही बेटी की पढ़ाई जारी रखवा पाना उसके लिए मुश्किल हो गया है।

कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल जिला शिक्षाधिकारी को बुलाकर बच्ची का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्ची से बातकर अच्छे से पढऩे के लिए उसका उत्साहवर्धन भी किया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बच्ची की आरटीई के तहत ऑनलाईन आवेदन करवाया जा रहा है तब तक उसका संबंधित निजी विद्यालय में ही पढ़ाई जारी रखने के लिये स्कूल प्रबंधन से बात कर ली गई है।

बोईरदादर से श्रीमति हीरा प्रधान अपने पुत्र के इलाज के लिए सहायता हेतु पहुंची थी। उसने बताया कि बेटे को सिकलिंग है, कुछ दिन पहले दुर्घटना के चलते वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया है और उसके इलाज के लिए मदद की दरकार है।

कलेक्टर श्री सिंह ने इलाज के लिए तत्काल रेडक्रॉस के जरिये इलाज के लिए राशि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बनोरा ग्राम की एक महिला अपने पारिवारिक विवाद के चलते पहुंची थी। उसने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। वह अपने दो बच्चों के साथ मायके जाकर वहां रहना चाहती है, किंतु ससुराल वाले बच्चों को लेकर जाने नही दे रहे हैं।

कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल एसडीम रायगढ़ श्री उर्वशा व संबंधित टीआई को बुलवाकर महिला के परिवार से मिलकर मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार कई लोग राजस्व, बैंक लोन, राशन कार्ड, आवास आदि से जुड़ी समस्याएं लेकर कलेक्टर श्री सिंह से जन चौपाल में मिलने पहुंचे थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने मामलों को शीघ्र निराकृत करने संबंधित अधिकारियों को मौके से ही निर्देश देते हुए की गयी कार्यवाहियों से अवगत कराने के लिए कहा।