कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान प्रारंभ घर-घर किया जा रहा है सर्वे

गरियाबंद 05 अक्टूबर 2020/ स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना के प्रारंभिक लक्षण और उच्च जोखिम वाले मरीजों की पहचान कर उनका उपचार करने के लिए कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। सर्वे अभियान की शुरूवात आज 05 अक्टूबर को हो गई है। जिले के सभी ब्लाॅक और नगरीय निकायों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वे किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इससे संबंधित प्रथम चरण का प्रशिक्षण भी पूर्ण किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री छतर सिंह डेहरे ने जिलेवासियों से चाही गई जानकारी प्रदान करने अपील किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के लक्षण और उच्च जोखिम पाये जाने पर सही जानकारी अवश्य देवें। इससे जिले में कोरोना की पहचान और उसके उपचार में मदद मिलेगी। कोरोना संक्रमण के चेन को भी तोड़ा जा सकता है। आज गरियाबंद ,फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर और देवभोग विकासखंड में सर्वे प्रारंभ हो गया है। इसी तरह नगरीय निकायों गरियाबंद ,राजिम, फिंगेश्वर,छुरा में घर-घर सर्वे प्रारंभ हो गया है। छुरा विकासखंड अंतर्गत आज 5 हजार 534 घर,गरियाबंद विकासखंड अंतर्गत 4 हजार 261 घर, मैनपुर विकासखंड में 5 हजार 788 घरों का सर्वे किया गया है।
ज्ञात है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण कर ’’कोरोना सघन सामुदायिक अभियान‘‘ 05 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2020 तक कोविड-19 के प्रारंभिक लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान की जायेगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 संक्रमण के प्रसार श्रृंखला को तोड़ने हेतु समुदाय स्तर पर लक्षणात्मक मरीजों की त्वरित पहचान कर उनका त्वरित उपचार किया जाना है। निम्न लक्षण वाले व्यक्तियों को लक्षणात्मक/संदिग्ध मरीज जैसे -बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, शरीर में दर्द, स्वाद या सुंघने की क्षमता में कमी, गले में खरास, बंद या बहती नांक, उल्टी या दस्त आना, लक्षण वाले मरीजों का नाम एवं विवरण दर्ज किया जायेगा।