केन्‍द्रीय मंत्री श्रीपद येस्‍सो नाइक की हाल स्थिर बनी हुई है

केन्‍द्रीय मंत्री श्रीपद येस्‍सो नाइक की हाल स्थिर बनी हुई है। उनका गोवा के बम्‍बोलिन में गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्‍पताल में इलाज चल रहा है। कल वे कर्नाटक में एक कार दुर्घटना में घायल हो गए थे। नाइक जो केन्‍द्रीय आयुष मंत्री स्‍वतंत्र प्रभार और रक्षा राज्‍यमंत्री हैं को देर रात गोवा के अस्‍पताल लाया गया था।

केन्‍द्रीय मंत्री की पत्‍नी विजया और सहायक दीपक की इस दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना कर्नाटक के उत्‍तरी कन्‍नड जिले के हाशकांबी के पास हुई थी।

गोवा के मुख्‍यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि केन्‍द्रीय मंत्री के पैर में फैक्‍चर आ गया है और उसका आपरेशन किया जाएगा।

इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्‍यमंत्री से केन्‍द्रीय मंत्री का उचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा था। कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री बी.एस. येदियुरप्‍पा ने केन्‍द्रीय मंत्री की पत्‍नी के निधन पर गहरा दुध व्‍यक्‍त किया है और नाइक के शीघ्र स्‍वास्‍थ्‍य की कामना की।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज गोआ के मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रमोद सावंत से बात करके केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। नाइक कल एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी विजया नाइक और उनके निजी सहायक की मौत हो गई थी।

राष्ट्रपति ने नाइक को अपनी संवेदना प्रेषित करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।