राष्‍ट्र आज 75वां गणतंत्र मना रहा है, फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमानुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस परेड के मुख्‍य अतिथि होंगे

नई दिल्ली : राष्‍ट्र आज 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में समग्र राष्ट्र का नेतृत्व करेंगी।

फ्रांस के राष्‍ट्रपति एमैनुअल मैक्रों गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, एकता और प्रगति, सैन्य शक्ति और बढ़ती नारी शक्ति का साक्षी गणतंत्र दिवस परेड सुबह साढ़े दस बजे आरंभ होगा और लगभग 90 मिनट तक चलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्‍ट्रीय समर स्मारक पहुंचने के साथ ही समारोह आरंभ होगा। प्रधानमंत्री समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री और अन्‍य विशिष्ट अतिथि कर्तव्‍य पथ पर सलामी मंच तक पहुंचेंगे।

इस वर्ष विकसित भारत और भारत लोकतंत्र की मातृका थीमों पर आधारित गणतंत्र दिवस परेड में लगभग 13 हजार विशेष अतिथियों की भागीदारी रहेगी। इस पहल से समाज के सभी वर्गों के लोगों को गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने का अवसर मिलेगा और इस राष्‍ट्रीय उत्‍सव में जनभागीदारी बढेगी।

इस वर्ष पहली बार एक सौ से अधिक महिला वाद्य संगीत कलाकार परेड का नेतृत्व करेंगी। यह प्रस्तुति शंख ध्‍वनि, नादस्‍वरम् और नगाडा वादन से आरंभ होगी। कर्तव्‍य पथ पर परेड में तीनों सेना के महिला कर्मियों की टुकड़ी मार्च करेगी। फ्लाई पास्ट के दौरान महिला पायलट नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी। केंद्रीय सशक्त पुलिस बल की टुकड़ियों में भी केवल महिला कर्मी शामिल होंगी।

कर्तव्‍य पथ पर फ्रांस के सशस्‍त्र बलों के संयुक्त बैंड और मार्चिंग टुकड़ी का भी मार्च पास्ट होगा। इस दौरान फ्रांसीसी वायु सेना के दो राफेल लड़ाकू जेट विमान और एक टैंकर वाहक विमान इस टुकड़ी के ऊपर उड़ान भरेंगे।

इनके अतिरिक्त भारतीय टैंक टी-90 भीष्‍म, नाग मिसाइल प्रणाली, थल सेना के युद्ध वाहन, पिनाका, रडार प्रणाली स्‍वाति, सर्वत्र मोबाइल ब्रिजिंग सिस्‍टम, ड्रोन जैमर प्रणाली और मध्‍यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली मुख्‍य आकर्षण होंगे।

सोलह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां कर्तव्‍य पथ पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगी।