वैज्ञानिकों ने कहा – इस वर्ष फरवरी का महीना असामान्य रूप से गर्म रहने वाला है

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में फरवरी के महीने में तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि देखी जा रही है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 7 से 11 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल के कुल्लू जिले के एक कस्बे भुंतर में कल अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो फरवरी में उच्‍च तापमान का रिकॉर्ड है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ आर के. जेनामणि ने बताया है कि हिमाचल में 12 फरवरी से मौसम शुष्क है, जो तापमान में असामान्य वृद्धि का संकेतक है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।