एक सप्ताह में जिले में 13 हजार 249 किसानों से 4 लाख 75 हजार क्विंटल धान की खरीदी
राज्य शासन द्वारा 01 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। जिले के 76 धान खरीदी केन्द्रो में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी सुचारू रूप से जारी है।
जिले में धान खरीदी के पहले सप्ताह 09 दिसम्बर तक कुल 13 हजार 249 किसानों से 89 करोड़ 09 लाख 2 हजार 398 रूपये के 4 लाख 75 हजार 252 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसमें से किसानों को 67 करोड़ 18 लाख 42 हजार 534 रूपये शुद्ध भुगतान किया गया है।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीदे गये धान में 1 लाख 67 हजार 374 क्विंटल मोटा धान, 01 लाख 56 हजार 508 क्विंटल पतला धान तथा 01 लाख 51 हजार 369 क्विंटल सरना धान शामिल है। सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित सभी नोडल अधिकारी उपार्जन केन्द्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
कलेक्टर ने सभी पंजीकृत किसानों को आश्वस्त किया है कि समय सीमा में सभी किसानों का धान खरीदा जायेगा। जिले के उपार्जन केन्द्रों में साॅफ्टवेयर एवं टोकन की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है।
सीमांत एवं लघु किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने तथा आसानी से टोकन प्रदान करने पंजीकृत किसानों को तीन श्रेणीयों में विभक्तकर टोकन प्रदाय किया जा रहा है। सीमांत कृषकों 55 प्रतिशत तथा लघु कृषकों 30 प्रतिशत के अनुपात में प्रतिदिन टोकन दिया जा रहा है।
अवैध धान खरीदी और परिवहन पर लागाम कसने 23 चेकपोस्ट और 16 उड़नदस्ता दल गठित किया गया हैं। जिसमें खाद्य, राजस्व, मंडी, सहकारिता एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई हैं।
राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा और उपार्जन केन्द्रों की दूरी को कम करने के उद्देश्य से 14 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए है। जहां पहली बार खरीदी हो रही है।