जैनाचार्य सुरीश्वर जी महाराज की 151वीं जयंती पर शांति प्रतिमा का अनावरण किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने

नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के पाली जिले में जैनाचार्य विजय वल्लभ सूरीश्वर जी महाराज की 151वीं जयंती पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शांति प्रतिमा का अनावरण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नया साल आध्यात्मिक आभा का वर्ष है और प्रेरणा देने वाला है। मोदी ने कहा कि गुजरात की धरती दो वल्लभों की जननी है। राजनीतिक क्षेत्र में सरदार वल्लभ भाई पटेल और आध्यात्मिक क्षेत्र में आचार्य विजय वल्लभ जी महाराज। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा विश्व के लिए शांति और अहिंसा की प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि आचार्य वल्लभ ने भारत को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कई राज्यों में कई शिक्षा संस्थानों की स्थापना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश महिला शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए इन संस्थाओं का ऋणी है। मोदी ने संतों और महात्माओं से आग्रह किया कि वे वोकल फॉर लोकल यानी स्थानीय चीजों को अधिक महत्व देने के संदेश को अपने अनुयायियों तक पहुंचाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि संतों और महात्माओं ने स्वाधीनता आंदोलन को सुदृढ़ करने और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज वोकल फॉर लोकल होने का वक्त आ गया है।

भारत ने विश्व को हमेशा मानवता, शांति, अहिंसा और भाईचारे का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि यही वह संदेश है, जिसकी प्रेरणा, भारत विश्व को देता रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी के लिए विश्व आज एक बार फिर से भारत की ओर देख रहा है।