प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन मुख्यालय में चंद्रयान-3 अभियान के वैज्ञानिकों से बातचीत की

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन मुख्‍यालय में चंद्रयान-3 अभियान के वैज्ञानिकों से बातचीत की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बेंगलुरु में आज सुबह इसरो के कमांड सेंटर में चन्‍द्रयान-3 मिशन की टीम को बधाई दी।

बेंगलुरू पहुंचने के बाद उन्‍होंने एक ट्वीट में कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों ने चन्‍द्रयान-3 की सफलता से भारत को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिकों के समर्पण और लगन से ही देश ने अंतरिक्ष क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल की है।

इससे पहले हिन्‍दुस्‍तान ऐरोनॉटिक्‍स लिमिटेड एचएएल के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने वहां एकत्र लोगों को जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान का उद्घोष कर बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि वह अपने आप को इसरो के वैज्ञानिकों से मिलने से नहीं रोक सके और विदेश यात्रा से सीधे बेंगलुरू आ गये।

उन्‍होंने कहा कि दुनिया भर में रहने वाले भारतीय और विज्ञान, भविष्‍य तथा मानवता में विश्‍वास करने वाले लोग चन्‍द्रयान-3 की सफलता से खुश हैं। उन्‍होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की सफलता को मनाने के लिये सभी को धन्‍यवाद दिया।