राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने वर्ष 2020 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली :- राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद ने आज शाम मुक्‍केबाज एम सी मेरीकॉम को पद्म विभूषण से अलंकृत किया। उन्‍होंने मॉरिशस के पूर्व राष्‍ट्रपति अनिरूद्ध जगन्‍नाथ तथा पेजावर मठ के दिवंगत संत विश्‍ववेश तीर्थस्‍वामी को मरणोपरांत पद्म विभूषण से अलंकृत किया।

राष्ट्रपति कोविंद ने गांधीवादी कृष्‍णाम्‍मल जगन्‍नाथन, जम्मू-कश्‍मीर के वरिष्‍ठ नेता मुज़फ्फर हुसैन बेग, लद्दाख से स्‍त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्‍टर छेरिंग लान्‍डोल तथा उद्यमी आनंद महेन्‍द्रा और वेणु श्रीनिवासन को पद्म भूषण से सम्‍मानित किया।

उन्‍होंने अंग्रेजी और उडि़या लेखक मनोज दास तथा पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर को मरणोपरांत पद्म भूषण से अलंकृत किया।

जिन हस्तियों को पद्मश्री से अलंकृत किया गया उनमें पल्‍मोनोलॉजिस्‍ट दिगम्‍बर बेहरा, पर्यावरणविद् तुलसी गौड़ा, गायक सुरेश वाडकर, टी वी धारावाहिक निर्माता एकता कपूर, फिल्‍मकार करण जौहर, किसान और मॉडल पंचायत के सरपंच पोपटराव पवार, सत्त्रिया नृत्‍यांगना इंदिरा पी. पी. बोरा, हॉकी के पूर्व कप्‍तान और कोच एम. पी. गणेश, भजन गायक और सामाजिक कार्यकर्ता मुन्‍ना मास्‍टर तथा चैती घोड़ा नृतक उत्‍सब चरणदास शामिल हैं।

भोपाल गैस पीडि़त महिला उद्योग संगठन के संयोजक अब्‍दुल जब्‍बार को मरणोपरांत पद्मश्री से अलंकृत किया।

राष्ट्रपति कोविंद ने पूर्व केन्‍द्रीय मंत्रियों अरूण जेटली, जॉर्ज फर्नांडिस तथा सुषमा स्‍वराज को मरणोपरांत तथा शास्‍त्रीय गायक पंडित छन्‍नूलाल मिश्र को आज सुबह पद्म विभूषण से अलंकृत किया।

बेडमिंटन खिलाड़ी पी.वी.सिंधू को पद्म भूषण प्रदान किया गया। प्रमुख हस्तियां जिन्‍हें आज सुबह पद्मश्री से अलंकृत किया गया उनमें महिला हॉकी टीम की कप्‍तान रानी रामपाल, गायक अदनान सामी, आई सी एम आर के पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक डॉक्‍टर रमन गंगाखेडकर, अभिनेत्री कंगना रनौत तथा जानी-मानी रंगमंच और टेलीविजन कलाकार सरिता जोशी शामिल हैं।