अधिकारियों-कर्मचारियों ने सतर्कता जागरूकता की ली शपथ

महासमुुंद 27 अक्टूबर 2020/ आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत् विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने सत्य और निष्ठा, भ्रष्टाचार मुक्ति की शपथ ली।

चालू वर्ष 2020 में सतर्कता जागरूकता सप्ताह आज मंगलवार 27 अक्टूबर को आगामी 02 नवम्बर 2020 तक ‘‘सतर्क भारत, समृद्ध भारत’’ विषय के साथ मनाया जा रहा है।

कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से पूरी पारदर्शिता के साथ काम करने का आव्ह्नान किया। समय-सीमा की बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ. रवि मित्तल ने शपथ दिलाई।

इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जोगेन्द्र कुमार नायक, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री सुनील कुमार चन्द्रवंशी सहित डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

श्री गोयल ने अधिकारियों से कहा कि सभी को अपने विभाग से संबंधित विषय एवं नियम तथा प्रावधानों की जानकारी रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर कलेक्टर ने सलाह दी कि आधुनिक टेक्नोलाॅजी का उपयोग कर इस कारगर बनाए। उन्होंने कई उदाहरणों के जरिए अपने कार्यालयीन दायित्वों के निर्वहन में पारदर्शिता भूमिका निभाने की बात कही।

उन्होंने कहा इसमें आंतरिक प्रक्रियाओं में सुधार कार्यों का समय पर निपटारा और प्रौद्योगिकी सशक्तीकरण तथा सर्वांगी सुधार शामिल है। जिसमें सभी प्रक्रियाओं का पारदर्शी बनाने पर बल दिया।

जिसमेें आउट सोर्स कर्मचारियों को भुगतान, मकान आबंटन, भू-अभिलेख सहित सम्पतियों का अद्यतन और डिजिटलीकरण, पुराने फर्नीचर का निराकरण और निर्धारित प्रक्रियाओं/वर्तमान नियमों का पालन करते हुए पुराने रिकाॅर्ड को नष्ट करना शामिल हैं।

कलेक्टर श्री गोयल ने नागरिकों से भागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी तथा सत्य एवं निष्ठा के साथ काम करने की अपील की।