लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालेंगे नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दिलाएंगी पद और गोपनीयता की शपथ

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मनोनीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिपरिषद को आज शाम सवा सात बजे राष्ट्रपति भवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। राष्ट्रपति ने मोदी को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया था। शुक्रवार को मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया था।

आज के शपथ-ग्रहण समारोह के लिए कई पड़ोसी देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। समारोह में, भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के नेता तथा गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

इनमें श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मुहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उप-राष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हैं।

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री और सेशेल्स के उप-राष्ट्रपति कल इस सिलसिले में नई दिल्ली पहुंचे।