गृह मंत्रालय ने 15 अक्तूबर से चार्टर्ड विमानों से भारत आने वाले विदेशियों को नया पर्यटक वीज़ा देना शुरू कर दिया

नई दिल्ली :- सरकार ने चार्टर्ड विमानों से विदेशी पर्यटकों को देश में आने की अनुमति दे दी है। गृह मंत्रालय ने 15 अक्तूबर से चार्टर्ड विमानों से भारत आने वाले विदेशियों को नया पर्यटक वीज़ा देना शुरू कर दिया है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि विदेशी पर्यटकों, उनको भारत में लाने वाले विमानों और लैंडिंग केन्द्रों पर अन्य हितधारकों को स्वास्थ्य मंत्रालय से अधिसूचित कोविड मानकों का पालन करना होगा।

कोविड महामारी के कारण विदेशियों को जारी सभी वीज़ा पिछले वर्ष निलंबित कर दिए गए थे। केन्द्र सरकार ने कोविड महामारी के फैलने पर रोक लगाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पर कई तरह के अन्य प्रतिबंध भी लगाए थे।

कोविड स्थिति पर विचार करने के बाद विदेशी नागरिकों को भारत में आने और रहने के लिए पर्यटक वीज़ा को छोड़ कर किसी अन्य तरह के भारतीय वीज़ा देने की अनुमति दी गई थी।

गृह मंत्रालय को कई राज्य सरकारों और पर्यटन क्षेत्र के कई हितधारकों से पर्यटक वीज़ा शुरू करने और भारत में विदेशी पर्यटकों को आने की अनुमति देने के अनुरोध मिले थे। गृह मंत्रालय ने स्वास्थ्य, विदेश, नागरिक विमानन, पर्यटन मंत्रालयों और राज्य सरकारों जैसे प्रमुख हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया।

विभिन्न मुद्दों पर विचार करने के बाद गृह मंत्रालय ने चार्टर्ड विमानों से भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों को 15 अक्तूबर 2021 से नया पर्यटक वीज़ा देना शुरू करने का फैसला किया।