लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: भाजपा के नेतृत्व में एनडीए ने 292 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा हासिल किया

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 33 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 6, राष्ट्रीय लोकदल को 2, अपना दल (सोनेलाल) और आजाद समाज पार्टी (काशीराम) को एक-एक सीट मिली है। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाजवादी पार्टी का कोई उम्मीदवार जीत दर्ज नहीं कर पाया है।

उत्‍तर प्रदेश के वाराणसी से प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने एक लाख 50 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। गौतम बुद्ध नगर सीट भाजपा के महेश शर्मा की झोली में गई हैं। मैनपुरी सीट से समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव जीत गई हैं। कैसरगंज सीट पर भाजपा के करण भूषण सिंह विजयी हुए हैं। गोरखपुर सीट से भाजपा के रविंद्र शुक्ला उर्फ रवि किशन ने जीत हासिल की है।

रायबरेली से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को 3 लाख 90 हजार वोटों से हराया। कन्नौज सीट से समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने एक लाख 70 हजार वोटों से जीत दर्ज की। मैनपुरी संसदीय क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने दो लाख 20 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। नगीना लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने जीत दर्ज की।

मेरठ से भाजपा के अरुण गोविल और मथुरा से हेमा मालिनी तथा पीलीभीत से जितिन प्रसाद जीत गए हैं। सुल्तानपुर से भाजपा उम्मीदवार मेनका संजय गांधी और फैजाबाद से लल्लू सिंह हार गए हैं।

अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल ने भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी को हरा दिया है। आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ से जीत गए हैं।

बिहार की 40 लोकसभा सीटों में भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) ने 12-12 सीटें जीती हैं। जीतने वाले बीजेपी नेताओं में डॉ. संजय जयसवाल, राधा मोहन सिंह, गिरिराज सिंह और रविशंकर प्रसाद शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार, तारिक अनवर और मोहम्मद जावेद ने अपना चुनाव जीत लिया है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच सीटें, राष्ट्रीय जनता दल ने चार सीटें, कांग्रेस ने तीन और सीपीआईएम (माले) ने दो सीटों पर जीत हासिल की है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से जीत गए हैं जबकि निर्दलीय उम्मीदवार राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्णिया सीट से जीत हासिल की है।

दिल्ली में बीजेपी ने सभी सातों सीटों पर जीत हासिल कर ली है। बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को हराकर जीत हासिल की है। प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता जय प्रकाश अग्रवाल को हराकर चांदनी चौक सीट हासिल की।

रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली से जीते हैं। मनोज तिवारी ने कांग्रेस के कन्हैया कुमार को एक लाख 38 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली सीट, कमलजीत सहरावत ने पश्चिमी दिल्ली सीट और योगेन्द्र चंदोलिया ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट से जीत हासिल की है।

पंजाब की सभी 13 सीटों में से कांग्रेस ने 7, आम आदमी पार्टी ने 3, शिरोमणि अकाली दल ने 1 और निर्दलीय ने 2 सीटें जीती हैं।

हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस ने पांच-पांच सीटें जीती हैं। चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन के खिलाफ जीत हासिल की है।

जम्मू-कश्मीर की पांच सीटों में से भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने दो-दो सीटें जीती हैं जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। बारामूला लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को निर्दलीय उम्मीदवार इंजीनियर शेख रशीद ने हरा दिया। उधमपुर संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीत हासिल की।

पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती को अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन क्षेत्र में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार मियां अल्ताफ अहमद से हार का सामना करना पड़ा।

लद्दाख की एकमात्र संसदीय सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार हाजी हनीफा ने जीत हासिल की है।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने चारों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर ली है। इस क्लीन स्वीप के साथ भाजपा ने 2014 और 2019 का इतिहास दोहराया है। राज्य में जीत हासिल करने वाले प्रमुख नेताओं में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और अभिनेत्री कंगना रनौत शामिल हैं।

उत्तराखंड में भाजपा ने राज्य की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर ली है। भाजपा उम्मीदवार अजय भट्ट ने नैनीताल-उधमसिंह नगर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी को 3 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया। हरिद्वार सीट पर भाजपा के त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र रावत को 1 लाख 64 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हरा दिया है। गढ़वाल में अनिल बलूनी ने 1 लाख 63 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की।

राजस्थान में सभी 25 लोकसभा सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। भाजपा ने 14 सीटों पर जीत हासिल की है और 8 सीटें कांग्रेस के पक्ष में गई हैं। सीपीआई (एम), राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है।

अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, जयपुर, जयपुर ग्रामीण, जालौर, झालावाड़-बारां, जोधपुर, कोटा, पाली, राजसमंद और उदयपुर से भाजपा उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया गया है। कांग्रेस ने बाड़मेर, भरतपुर, चूरू, दौसा, गंगानगर, झुंझुनू, करौली-धौलपुर और टोंक-सवाई माधोपुर सीटों पर जीत हासिल की है। भारत आदिवासी पार्टी, सीपीआई (एम) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवारों ने बांसवाड़ा, सीकर और नागौर से जीत हासिल की है।

भाजपा के ओम बिरला ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रह्लाद गुंजल को हराया। बीकानेर से भाजपा के अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस उम्मीदवार गोविंद राम मेघवाल को हराकर जीत हासिल की है। जोधपुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस उम्मीदवार करण सिंह उच्चियारदा को 1 लाख से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया है।

गुजरात में भाजपा ने कुल 26 में से 25 सीटें हासिल कर प्रचंड जीत दर्ज की है। एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

महाराष्ट्र की सभी 48 सीटों में से भाजपा ने 9 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस ने 13 सीटें, शिवसेना-उद्धव ने 9, शिवसेना-एसएचएस ने 7, एनसीपी-पवार ने 8 सीटें जीतीं। एनसीपी को सिर्फ एक सीट और निर्दलीय को एक सीट पर जीत मिली।

गोवा में कांग्रेस ने दक्षिण गोवा सीट जीत ली है, जबकि भाजपा ने उत्तरी गोवा सीट पर जीत हासिल की है।

मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है। इंदौर सीट पर भाजपा के शंकर लालवानी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के संजय को 11 लाख 75 हजार 92 वोटों के अंतर से हराया। निर्वाचन क्षेत्र में नोटा या उपरोक्त में से कोई नहीं के रूप में 2 लाख 18 हजार 674 वोट पड़े।

गुना सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया पांच लाख से अधिक वोटों के अंतर से और दमोह सीट से राहुल सिंह लोधी 4 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीते हैं। मंडला सीट पर फग्गन सिंह कुलस्ते विजयी रहे। छिंदवाड़ा सीट से भाजपा के बंटी विवेक साहू ने जीत हासिल की।

मध्य प्रदेश में भाजपा ने सभी 29 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने 27 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।

छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 10 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस की एकमात्र नेता ज्योत्सना चरणदास महंत कोरबा सीट से विजयी रहीं। रायपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने 5 लाख 75 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा के एक और उम्मीदवार विजय बघेल ने दुर्ग सीट पर 4 लाख 38 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की। राजनांदगांव सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संतोष पांडे ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को हरा दिया है।

ओडिशा में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत पाई। बीजेडी अपना खाता खोलने में विफल रही।

झारखंड में 14 सीटों पर हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने आठ, आजसू पार्टी ने एक, जेएमएम ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा खूंटी सीट हार गए हैं। कांग्रेस उम्मीदवार कालीचरण मुंडा ने उन्हें एक लाख 40 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अन्नपूर्णा देवी कोडरमा सीट से विजयी रहीं। हजारीबाग से भाजपा उम्मीदवार मनीष जयसवाल, रांची से संजय सेठ, पलामू से बीडी राम, गोड्डा से निशिकांत दुबे, धनबाद से ढुल्लू महतो, जमशेदपुर से विदुत बरन महतो और चतरा से कालीचरण सिंह ने जीत दर्ज की।

जबकि एनडीए की सहयोगी आजसू पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी गिरिडीह सीट से चुने गए हैं। राजमहल से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी विजय कुमार हांसदा, सिंहभूम से जोबा मांझी और दुमका से नलिन सोरेन भी चुनाव जीत गये हैं। खूंटी से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा और लोहरदगा से सुखदेव भगत भी विजयी रहे।

इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा की कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा उपचुनाव जीत लिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिलीप वर्मा को 26 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत हासिल की है। अभिषेक बनर्जी, कीर्ति झा आजाद और शत्रुघ्न प्रसाद सिन्हा पार्टी के प्रमुख विजेता हैं। अभिषेक ने सात लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनाव जीता है।

भाजपा ने 12 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में मनोज तिग्गा, डॉ. जयंत कुमार रॉय और के सी पॉल शामिल हैं। बांकुरा सीट से भाजपा उम्मीदवार और शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार अपनी सीट हार गए हैं। कांग्रेस के ईशा खान चौधरी ने मालदा दक्षिण सीट से जीत दर्ज की।

असम में भाजपा ने 9 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने 3 सीटें जीतीं. यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी-लिबरल और असम गण परिषद ने एक-एक सीट जीती।