केशकाल गैंगरेप: पूर्व CM रमन सिंह बोले- पिछले 9 महीनों में 1,500 से अधिक बलात्कार के केस दर्ज हुए, राहुल और प्रियंका गांधी आए छत्तीसगढ़

रायपुर:– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप मामले में दुःख व्यक्त करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला है। डॉ रमन सिंह ने कहा, कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना पर पीड़ा व्यक्त करते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के केशकाल गैंगरेप के मामले में प्रियंका और राहुल गांधी कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं।
उन्होंने कहा पिछले 9 महीने में छत्तीसगढ़ में 1500 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर प्रियंका और राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ भी आना चाहिए और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात करनी चाहिए।पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी केशकाल गैंगरेप की जानकारी मांगी है।
यह घटना कोंडागांव जिले में केशकाल के ओड़ागांव की एक युवती से जुड़ा है। इसकी सहेली ने दावा किया कि करीब तीन महीने पहले वो लोग कानागांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने एक साथ गए थे। यहां शादी में देर रात तक नाच-गाना चला। इसी दौरान कानागांव और फूंडेर गांव के सात युवकों ने उसकी सहेली को शादी वाले घर से उठा लिया और उसे जंगल की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के दो दिनों बाद युवती ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पिछले तीन महीनों में न तो मामले में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की थी और न ही इस तरह की कोई जांच की।
मृतिका की दोस्त ने आवाज उठाई तब जाकर अब एक दिन पहले बुधवार को पुलिस हरकत में आई। युवती के शव को कब्र से निकलवाया गया है। युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस मामले पुलिस ने 3 लोगो को हिरासत में ले लिया है। आत्महत्या करने वाली युवती के पिता ने भी 4 अक्टूबर को घर में पड़ा कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि परिजनों ने पिता को समय रहते हास्पिटल पहुंचा दिया, जिससे उनकी जान बच गई। युवती के पिता ने घटना में कार्रवाई नही होने से इच्छा मृत्यु की मांग की है।