प्रभारी सचिव पिंगुआ ने किया धान खरीदी केन्द्र कमलेश्वरपुर एवं वंदना का निरीक्षण
पारदर्शितापूर्ण धान खरीदी के निर्देश
अम्बिकापुर :- वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव तथा सरगुजा जिले के प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ ने 12 दिसंबर को मैनपाट विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में दौरा किया।
उन्होंने मैनपाट विकासखण्ड के धान खरीदी केंद्र कमलेश्वरपुर तथा वंदना का चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण किया। पिंगुआ ने अधिकारियों तथा समिति प्रबंधकों को धान खरीदी पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान बेचने में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
प्रभारी सचिव ने धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की मात्रा, बारदाना की उपलब्धता, टोकन संख्या, धान रखने के लिए चबूतरा, ड्रेनेज की व्यवस्था, नमी मापक यंत्र, तौल के लिए तराजू बाट तथा धान उठाव की जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केंद्र वंदना में धान बेचने वाले किसान कार्तिक से पूछ-ताछ की। कार्तिक ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं हुई।
तत्पश्चात प्रभारी सचिव ने मैनपाट अंतर्गत आने वाले आदर्श गोठान कुनियाँ और उडुमकेला का दौरा कर गोबर खरीदी तथा वर्मी कम्पोस्ट की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कुनियाँ गोठान में चल रहे बटेर पालन, मशरूम उत्पादन के बारे में महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की।
पिंगुआ ने समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आयमूलक गतिविधियां ज्यादा से ज्यादा संचालित करने के कहा। उन्होंने उडुमकेला गोठान में बन रहे वर्मी कम्पोस्ट तथा पैरादान का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अमरनाथ श्याम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।