अगले बारह घंटे के दौरान चक्रवात बिपरजॉय भीषण चक्रवात का रूप लेगा : मौसम विभाग
नई दिल्ली : मौसम विभाग के अनुसार अगले बारह घंटे के दौरान चक्रवात बिपरजॉय अत्यधिक भीषण चक्रवात का रूप ले लेगा। चौबीस घंटों के दौरान इसके उत्तर- उत्तर पूर्वी दिशा में बढने और तीन दिन के दौरान उत्तर-उत्तर पश्चिमी दिशा में बढने का अनुमान है।
इस समय चक्रवात बिपरजॉय मुंबई के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम से लगभग छह सौ बीस किलोमीटर, पोरबंदर के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम से पांच सौ अस्सी किलोमीटर और कराची के दक्षिण से आठ सौ नब्बे किलोमीटर दूर केंद्रित है।
इस स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल–एनडीआरएफ का एक दल गुजरात के वडोदरा में जारोड गांव के निकट तट पर तैनात हैं।
14 जून तक समुद्र तटों पर पर्यटकों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त गुजरात, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान के कारण कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के तटवर्ती इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है और तेज हवाएं चलेंगी।