कलेक्टर ने किया मैनपुर तहसील का आकस्मिक निरीक्षण दो घण्टे तक किया रिकार्ड का अवलोकन
गरियाबंद :- कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज मैनपुर तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पूरे कार्यालय के रिकॉर्ड का अवलोकन व निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने लोक सेवा केंद्र, राजस्व निरीक्षक कार्यालय, मॉडर्न रिकॉर्ड रूम, वर्षामापी यंत्र और नायब तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने तहसील कार्यालय में आये आम जनों से भी बात की और जानकारी ली।
कलेक्टर ने नायब तहसीलदार न्यायालय से संबंधित अभिलेखों का 15 दिन में रिकार्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिये है। साथ ही रीडर समुंद भंडारी को रिकॉर्ड अद्यतन नहीं करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक शाखा का निरीक्षण करते हुए बी.वन पंजी, खाली पत्रक,पटेली रजिस्टर, सीमांकन पंजी का अवलोकन किया।
उन्होंने सभी लंबित सीमांकन को प्राथमिकता क्रम से पूर्ण करने के निर्देश आर.आई. मनोज चंद्राकर को दिए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 20 सीमांकन के कार्य लंबित है। कानूनगो शाखा के निरीक्षण के दौरान सभी पंजी को पूर्ण संधारित करने , अद्यतन करने और रिकॉर्ड का उचित तरीके से रखरखाव करने कहा गया। फाईलों व रजिस्टर को आलमारी में सुव्यवस्थित व सुरक्षित संधारण के निर्देश दिये है।
नायब तहसीलदार न्यायालय में उन्होंने विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। राजस्व पंजी, कोर्ट केस, अर्थदंड तथा ई-कोर्ट में अद्यतन नहीं होने के कारण नाराजगी व्यक्त किया गया और नायब तहसीलदार कृष्ण मूर्ति दीवान को 15 दिन के भीतर रिकार्ड अद्यतन करने और लंबित प्रकरणों का समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में आने वाले लोगों से भी बात की। जाति प्रमाण पत्र बनाने आये ग्राम जिडार के मोहन लाल,पूनम मरकाम,फलेंद्र से बात की। फौत प्रकरण के निराकरण के लिए आये ग्राम उरमाल के कृष्ण कुमार, खरीपथरा के कुमार ने भी कलेक्टर को प्रकरण के समय पर समाधान नहीं होने की जानकारी दी।
कलेक्टर ने तत्काल मौके पर ही तहसीलदार को आवश्यक करवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सूरज साहू, जनपद सीईओ नरसिंग ध्रुव, नायब तहसीलदार कृष्ण मूर्ति दीवान, कलेक्टर कार्यालय गरियाबंद से रिकार्ड निरीक्षण के लिए पहुंचे अधीक्षक विनोद मांडरे व रीडर योगेश वर्मा मौजूद थे।