विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर  कलेक्टर और सीईओ जिला पंचायत ने किया वृद्धजनों का सम्मान

गरियाबंद 01 अक्टूबर 2020/ विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर श्री छतर सिंह डेहरे और जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह ने ग्राम भिलाई स्थित सियान सेवा सदन में वृद्धजनों को श्रवण यंत्र, स्टीक और शाॅल श्रीफल भेटकर सम्मान किया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर श्री डेहरे ने कहा कि वृद्धावस्था बहुदा बचपन का पुनर्रागमन होता है। इस अवस्था में वृद्धजनों का देखभाल और सेवा-जतन की बहुत आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन माता-पिता के समान है, वे अपने आप को बेसहारा न समझे। उन्होंने सेवा सदन के संचालक को वृद्धजनों के सभी सुविधाओं एवं स्वास्थ्य का विशेष रूप से ध्यान रखने के निर्देश दिये है। जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह ने सियान सेवा सदन के वृद्धजनों को भरोसा दिलाया कि वे हर संभव उनके सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। सियान सेवा सदन एवं प्रेरक संस्था के संचालक श्री रामगुलाम सिन्हा ने वृद्धाश्रम की आवश्यकता और उसकी महत्ता को रेखांकित किया। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री नरेन्द्र देवागंन ने सियान सेवा सदन में विभाग द्वारा उपलब्ध सुविधाओं पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व कलेक्टर श्री डेहरे एवं सीईओ श्री लंगेह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के वृद्धजन, प्रेरक संस्था के पदाधिकारीगण, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग के के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।