केन्‍द्र सरकार असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए राष्‍ट्रीय डेटाबेस ई-श्रम पोर्टल का शुभारंभ करेगी

नई दिल्ली :- सरकार आज असंगठित कामगारों के राष्ट्रीय डेटाबेस का ई-श्रम पोर्टल आरम्भ करेगी। इस पोर्टल में देश के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का विवरण उपलब्‍ध रहेगा।

श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने ई-श्रम पोर्टल के प्रतीक चिह्न का अनावरण करते हुए कहा कि असंगठित श्रमिकों की पहचान का विवरण रखे जाने की बहुत जरूरत थी।

उन्होंने कहा कि यह पोर्टल राष्ट्र निर्माताओं, के रूप में ‘श्रम योगियों’ का राष्ट्रीय डेटाबेस होगा, जो कल्याणकारी योजनाओं को उनके दरवाजे तक पहुंचाने में मदद करेगा। यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओँ को हर नागरिक तक पहुंचाने की दिशा में ई-श्रम पोर्टल महत्वपूर्ण कदम है।

ई-श्रम पोर्टल के शुभारंभ और कार्यान्वयन के लिए सभी श्रमिक संगठनों के नेताओं ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। केंद्रीय मंत्री ने मजदूर नेताओं को उनके मूल्यवान और रचनात्मक सुझावों के लिए धन्यवाद देते हुये कहा कि इस पोर्टल को असंगठित श्रमिकों तक ले जाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।