केंद्र ने सात मेगा एकीकृत वस्त्र परिक्षेत्र और परिधान पार्क स्थापित करने की अधिसूचना जारी की

नई दिल्ली :- वस्त्र मंत्रालय ने कहा है कि मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र और परिधान-पीएम मित्र पार्कों से भारत को संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित स्थाई विकास लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। इन लक्ष्यों में उन्नत ढांचा निर्माण, स्थाई उद्योगीकरण और नवाचार को प्रोत्साहन देना शामिल है।

मंत्रालय ने सात पीएम मित्र पार्कों की स्थापना के लिए अधिसूचना जारी की है। इस स्कीम का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत बनाने औऱ अंतरराष्ट्रीय वस्त्र बाजार में भारत को महत्वपूर्ण स्थान दिलाने का प्रधानमंत्री का सपना पूरा करना है।

पीएम मित्र स्कीम प्रधानमंत्री के फाइव-एफ फार्मूले से प्रेरित है। इसका अर्थ है देश के वस्त्र उद्योग को फार्म से फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन और फैशन से फॉरिन तक पहुंचना।

इस कार्यक्रम में कपड़ा उद्योग की समूची मूल्य श्रृंखला के लिए बड़े पैमाने पर एकीकृत और आधुनिक औद्योगिक ढांचा विकसित करने के उपाय शामिल है। इससे भारतीय वस्त्र उद्योग की लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी और उसकी प्रतिस्पर्धा क्षमता में सुधार होगा।

इस कार्यक्रम से भारत को निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने औऱ अंतरराष्ट्रीय वस्त्र बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। ये पार्क ऐसे स्थानों पर बनाए जा रहे है, जहां वस्त्र उद्योग में विकास की अन्तर्निहित क्षमता है, औऱ वह आवश्यक सम्पर्कों के साथ सफल हो सकता है।

सात पीएम मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र और परिधान पार्क इच्छुक राज्यों में ग्रीन फील्ड या ब्राउन फील्ड साइटों पर स्थापित किये जाएगे। इनकी स्थापना सरकारी-निजी भागीदारी के अंतर्गत राज्य सरकार औऱ भारत सरकार के स्वामित्व वाली विशेष प्रयोजन कंपनियों द्वारा की जाएगी।