सिक्किम में गंगतोक-नाथुला मार्ग पर हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मृत्‍यु, अब तक 23 लोगों को बचाया गया

नई दिल्ली : पूर्वी सिक्किम में चांगु झील और नाथुला के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले गंगटोक-नाथुला जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर हिमस्खलन में सात लोगों की मौत हो गई है। रक्षा प्रवक्ता ने कहा है कि 20 से 30 पर्यटकों सहित छह वाहनों के बर्फ में दबे होने की आशंका है।

सेना की त्रिशक्ति कोर और सीमा सड़क संगठन बीआरओ के परियोजना स्वास्तिक, राज्य आपदा प्रबंधन और पुलिस की टीमों के बचाव अभियान में छह स्थानीय लोगों सहित अब तक लगभग 23 पर्यटकों को बचाया गया है। सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सड़क से बर्फ हटाने के बाद साढ़े तीन सौ पर्यटकों और 80 वाहनों को भी बचाया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सिक्किम में बचाव अभियान जारी है और हिमस्खलन से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मोदी ने कहा कि वह सिक्किम में हिमस्खलन से व्यथित हैं। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

सिक्किम के मुख्यमंत्री पी एस तमांग ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।