महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में आज एक बस दुर्घटना में 25 लोगों की मौत

नई दिल्ली : महाराष्ट्र में बुलढाणा जिले में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात डेढ़ बजे एक बस दुर्घटना में, बस में सवार 33 यात्रियों में से 25 की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक एस.पी. सुनील कड़ासने के अनुसार, दुर्घटना के समय बस नागपुर से पुणे जा रही थी। दुर्घटना से बस के डीजल टैंक में आग लग गई।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बस दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के निकटतम परिजनों को 5-5 लाख रूपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों का बुलढाणा के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महाराष्‍ट्र के बुलढाणा में बस दुर्घटना में महिलाओं और बच्‍चों सहित कई लोगों की मारे जाने पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। एक संदेश में उन्‍होंने शोक-संतप्‍त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। राष्‍ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना भी की है।
उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी इस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक प्रकट किया है। उन्‍होंने पीड़ित परिवारों के प्रति समवेदना व्यक्त की है और इस चुनौतीपूर्ण समय से उबरने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र में बुलढाणा बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति समवेदना प्रकट की और घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया है कि पीड़ितों को स्थानीय प्रशासन से हरसंभव सहायता दी जा रही है। मोदी ने मृतकों को परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत निधि से दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हज़ार रूपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।