खेलमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने फिट इंडिया मोबाइल एप लांच किया, उन्होंने लोगों से रोजाना आधा घंटा फिटनेस को देने का आह्वान किया
नई दिल्ली :- युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने फिट इंडिया अभियान की दूसरी वर्षगांठ मनाने और आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में आज फिट इंडिया मोबाईल एप का शुभारंभ किया।
फिट इंडिया एप एन्ड्रायड और आईओएस प्लेटफॉम दोनों पर उपलब्ध है और इसे इस तरह से तैयार किया गया है कि यह आम स्मार्टफोन पर भी काम करेगा।
नई दिल्ली में इसकी शुरुआत करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह मोबाइल एप्लिकेशन फिटनेस पर निगरानी रखने में मदद करेगा और इस एप्लिकेशन के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश की गई है कि फिट रहना आसान है।
उन्होंने लोगों से इस एप्लिकेशन को डाउनलोड करने का अनुरोध किया। ठाकुर ने लोगों से फिटनेस के लिए हर रोज आधा घंटा देने का आग्रह किया।
युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी इस अवसर पर मौजूद थे।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, पहलवान संग्राम सिंह, अयाज मेमोन और अन्य इस समारोह में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को स्वस्थ राष्ट्र बनाने के लिए आज ही के दिन 2019 में फिट इंडिया अभियान की शुरुआत की थी। पिछले दो वर्ष में फिट इंडिया अभियान, फिट इंडिया स्कूल वीक, फिट इंडिया फ्रीडम रन, फिट इंडिया मूवमेंट साइक्लोथॉन और कई ऐसे ही फिटनेस अभियानों के माध्यम से देशभर में लाखों लोगों तक पहुंचा है।
इस समय फिट इंडिया अभियान आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए में फिट इंडिया फ्रीडम रन-दो का भी आयोजन कर रहा है। यह महोत्सव भारत की 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।