सरकार ने कहा- वर्तमान खरीफ मौसम में धान की बुआई करने वाले 45 लाख 92 हजार किसानों को समर्थन मूल्‍य पर खरीद का लाभ पहुंचा

नई दिल्ली :- सरकार ने कहा है कि वर्तमान खरीफ मौसम में धान की बुआई करने वाले 45 लाख 92 हजार किसानों को समर्थन मूल्‍य पर खरीद का लाभ पहुंचा है। इसके लिए 75 हजार 263 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।

कृषि मंत्रालय ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, तमिलनाडु, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल, गुजरात, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार से 398 लाख टन धान की खरीद की गई है। केवल पंजाब में 202 लाख टन से अधिक धान का योगदान किया है, जो कि धान की पूरी खरीद का पचास दशमलव 86 प्रतिशत है।

कृषि मंत्रालय ने कहा है कि मूल्य समर्थित योजना के अंतर्गत तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और आंध्र प्रदेश के लिए खरीफ 2020 के अंतर्गत 48 लाख टन से अधिक दालों और तिलहन की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई है।