कलेक्टर बंसल ने किया बस्तर के धान खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण : धान खरीदी के शासन के निर्देशों का सख्ती से किया जाएगा पालन
जगदलपुर :- कलेक्टर रजत बंसल ने किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन बस्तर स्थित धान खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने किसानों और हमालों से मिलकर उनका हालचाल पूछा। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किसानों के लिए खरीदी केंद्र में जरूरी सुविधाएं देखने आए हैं और शासन के निर्देशानुसार किसानों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। धान खरीदी केन्द्र में किसानों की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्था का कलेक्टर द्वारा औचक निरीक्षण किए जाने पर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर ने यहां ने धान के गुणवत्ता की भी परख ली।
कलेक्टर ने धान खरीदी प्रभारी को धान खरीदी के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने धान खरीदी के लिए जारी किए जाने वाले टोकन के संबंध में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं धान खरीदी की व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की बात भी उन्होंने कही।
निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी वीके देवांगन, सहकारिता विभाग के उप संचालक एलएन बृंझ, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एचएल खान सहित अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि जिले में 52 समितियों के 64 धान उपार्जन केन्द्रों में इस वर्ष धान उपार्जन किया जा रहा है। इनमें जिले के पंजीकृत 33492 किसानों से 54512 हेक्टेयर क्षेत्रफल की धान खरीदी की जाएगी। इस वर्ष 1 लाख 25 हजार 600 मेट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के दौरान राज्य के किसानों से नगद व लिंकिंग में धान की खरीदी एक दिसम्बर से 31 जनवरी 2021 तक की जाएगी। खरीफ वर्ष 2020-21 में प्रदेश के किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 15 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग निर्धारित की गई है।
नवसृजित पल्ली समिति में छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा के साथ धान खरीदी प्रारंभ
नवसृजित पल्ली समिति में आज छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी प्रारंभ की गई।
इस समिति में अघनपुर, कालीपुर, कोंडावल, कंगोली, कुम्हरावंड, तितिरगांव, पल्ली, बालीकोंटा, बिरिंगपाल, धरमपुरा और घाटपदमुर के 490 किसानों का धान उपार्जन किया जाएगा।