मौसम विभाग ने कई राज्यों में आज अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया
नई दिल्ली : मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में आज अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कल से तीन-चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल का उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, बिहार और झारखंड में कल तेज वर्षा का अनुमान है। कोंकण और गोवा में अगले पांच दिन बारिश जारी रहने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में आज और कल भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश के भिंड जिले में रोआं और मिहोना में सर्वाधिक 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।