उत्‍तर भारत के कई क्षेत्रों में तेज वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित,विभिन्‍न राज्‍यों में वर्षा से जुड़ी दुर्घटनाओं में कम से कम 12 लोगों की मृत्‍यु

नई दिल्ली : देश के विभिन्न हिस्सों में आज मानसून की बरसात जारी रहने से सामान्य जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ, विभिन्‍न राज्‍यों में वर्षा से जुड़ी दुर्घटनाओं में कम से कम 12 लोगों की मृत्‍यु होने की खबर है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज भी तेज बारिश जारी है। दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला में 106, दिल्ली रिज में 65 और आया नगर में 44 मिलिमीटर बारिश हुई। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 153 मिलिमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सर्वाधिक है। इसी तरह यह 1958 से जुलाई में एक दिन में तीसरी सर्वाधिक वर्षा है।

दिल्ली अग्नि शमन सेवा ने कहा है कि शहर के विभिन्न हिस्सों में कई मकान ध्वस्त हुए हैं, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भारी बरसात से कई पार्क, अंडर पास बाजार, दुकानें और अस्पताल परिसर जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर यातायात अस्त-व्यस्त है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनी और पिछले दो दिन से जारी लगातार बरसात को देखते हुए कल शहर के स्कूल बंद रहेंगे।

केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। कल तक इसके खतरे के निशान दो सौ पांच दशमलव तीन-तीन को पार कर जाने की आशंका है। गुरूग्राम में भी जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने की सलाह दी है।

प्रशासन ने एक अन्य परामर्श में कहा है कि निजी संस्थानों के कर्मचारियों को भी कल घर से काम से काम करने की सलाह दी जानी चाहिए। उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश से राज्य के पश्चिमी हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है।